
प्रयोग फाउंडेशन व रोटरी क्लब ऑफ पंचकूला ने महिलाओं को दिया कटिंग-टेलरिंग का प्रशिक्षण
एफपीएआई के मौली जागरां परिसर में चल रहा केंद्र
पंचकूला। वर्तमान समय में महिलाओं के लिए वोकेशनल प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करता है। उक्त विचार रोटरी क्लब ऑफ पंचकूला के अध्यक्ष विनेश भाटिया ने मौली जागरां में फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के परिसर में प्रयोग फाउंडेशन व रोटरी क्लब ऑफ पंचकूला द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे कटिंग-टेलरिंग केंद्र में पहला बैच पूरा होने के अवसर पर युवतियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए व्यक्त किए। इस बैच में कुल 14 लड़कियों को कङ्क्षटग व टेलरिंग का छह माह का प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
भाटिया ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ पंचकूला द्वारा विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर इस तरह के कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाता है ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
सचिव रोटेरियन पंकज कांसल ने कहा कि इस केंद्र के संचालन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास के क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रयोग फाउंडेशन की प्रोजेक्ट इंचार्ज शिवांगी बंसल ने कहा कि संस्था द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सपनों से निपुणता तक प्रोजेक्ट चलाया गया है। जिसमें उन्हें कटिंग-टेलरिंग तथा मोमबत्ती व दीये आदि बनाने का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाता है।
प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने रोटरी क्लब ऑफ पंचकूला तथा एफपीएआई पंचकूला का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से अब तक करीब दो दर्जन महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। इस अवसर पर रोटेरियन प्रवीन गोयल पूर्व अध्यक्ष, रोटेरियन सुरेश शर्मा के अलावा छात्राओं को प्रशिक्षण देने वाली अध्यापिका सुमन समेत कई गणमान्य मौजूद थे।