
बठलाना स्कूल में विद्यार्थियों के लिए लगाया जाएगा वाटर प्यूरीफायर
स्कूली छात्राओं ने पेश किया देशभक्ति कार्यक्रम
मोहाली। प्रयोग फाउंडेशन द्वारा सरकारी एलीमेंट्री स्कूल बठलाना में शुरू किए गए सेल्फी विद ट्री अभियान के तहत पौधों का पालन-पोषण तथा बेहतर रखरखाव करने वाले विद्यार्थियों को संस्था की तरफ से सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जहां स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति से ओत प्रोत कार्यक्रम पेश किया वहीं प्रयोग फाउंडेशन के माध्यम से स्कूली बच्चों का सहयोग करने वाली समाजसेवी पूजा जयसवाल ने कहा कि अगस्त माह के दौरान यहां बच्चों से पौधारोपण करवाया गया था। जिसकी देखभाल का जिम्मा बच्चों को सौंपा गया था। स्कूली बच्चों ने पौधों की संभाल की है।
इस अवसर पर जिला यूथ क्लब तालमेल कमेटी के प्रधान हरदीप सिंह बठलाना ने प्रयोग फाउंडेशन द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के सहयोग हेतु समय-समय पर किए जा रहे कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि मिडिल स्कूल के सभी विद्यार्थियों को आज जहां रजिस्टर व पैन आदि पाठय सामग्री वितरित की गई है वहीं स्कूल अध्यापिका प्रियंका मिढ्ढा की मांग पर विद्यार्थियों को साफ व शुद्ध पेयजल मुहैया करवाने हेतु वाटर पूजा जयसवाल के सहयोग से वाटर प्यूरीफायर लगवाने का भी निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर ठेकेदार मोहन सिंह, सरपंच हरपाल सिंह, युवक सेवाएं क्लब के प्रधान सुखबीर सिंह, ज्ञानी निर्मल सिंह,सरबजीत सिंह, स्कूल अध्यापिका आभा, ममता, किरण, पूजा, हरप्रीत समेत कई गणमान्य मौजूद थे।