
प्रयोग फाउंडेशन ने बठलाना स्कूल में किया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मोहाली। दांतों की बीमारी छह साल से लेकर साठ साल तक किसी भी उम्र में हो सकती है। दांतों की संभाल के लिए सबसे अहम ब्रश करने का तरीका है। उक्त विचार प्रयोग फाउंडेशन के प्रोजेक्ट ऑपरेशन दंत रक्षक के तहत सरकारी एलीमेंट्री स्कूल बठलाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इंडियन डेंटल एसोसिएशन मोहाली की पूर्व अध्यक्ष एवं दंत चिकित्स रोमिका वढेरा ने व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि अक्सर विद्यार्थी ब्रश पर अधिक मात्रा में पेस्ट लगाकर करते है। पेस्ट का अधिक इस्तेमाल भी दांतों को कमजोर बनाता है। दांतों की देखभाल के लिए चार से पांच माह के भीतर ब्रश बदलना जरूरी है और सामान्य विद्यार्थी को मटर के दाने की तरह ही पेस्ट लगाना चाहिए।
दांतों की संभाल के लिए दो से तीन मिनट तक दिन में दो बार ब्रश करना जरूरी है। रोमिका वढेरा ने विद्यार्थियों को ब्रश करने के सही तरीके के बारे में भी बताया। इस अवसर पर प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा दांतों की संभाल के लिए अब तक 48 जागरूकता शिविर तथा कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। जिसमें हजारों लोगों को लाभ मिला है। इस अवसर पर जिला यूथ क्लब तालमेल कमेटी के प्रधान हरदीप सिंह बठलाना तथा समाज सेवी पूजा जयसवाल की तरफ से सभी बच्चों को ब्रश तथा पेस्ट मुफ्त वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान ठेकेदार मोहन सिंह, सरपंच हरपाल सिंह, युवाक सेवाएं क्लब के प्रधान सुखवीर सिंह, ज्ञानी निर्मल सिंह, स्कूल अध्यापिका ममता, किरण, पूजा, हरप्रीत समेत कई गणमान्य मौजूद थे।