Press Releases

सिटी ब्यूटीफुल में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाएंगी सर्वप्रेम व प्रयोग फाउंडेशन

अंतरराष्ट्रीय ध्वनि जागरूकता दिवस से शुरू होगी ‘ध्वनि-द पीस’ मुहिम
चंडीगढ़।
 सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में तेजी से बढ़ रहे ध्वनि प्रदूषण के विरूद्ध अब जागरूकता अभियान शुरू होने जा रहा है। विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय सर्वप्रेम फाउंडेशन तथा प्रयोग फाउंडेशन द्वारा आगामी 29 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय ध्वनि जागरूकता दिवस के अवसर पर ‘ध्वनि-द पीस’ मुहिम शुरू की जा रही है। सर्वप्रेम फाउंडेशन के संस्थापक प्रेम ओझा व डॉ.रोमिका वढेरा तथा प्रयोग फाउंडेशन की प्रोजेक्ट इंचार्ज शिवांगी बंसल तथा इस प्रोजेक्ट की कोआर्डिनेटर डॉ.कविता शर्मा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य चंडीगढ़ में प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को जागरूक करते हुए ध्वनि प्रदूषण को शून्य तक लेकर जाना है।
वर्तमान समय में ध्वनि प्रदूषण भी गंभीर रूप धारण कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 29 अप्रैल को चंडीगढ़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति के वैज्ञानिक सुनील डोगरा बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान ध्वनि प्रदूषण के विषय पर ईएनटी विशेषज्ञ द्वारा बच्चों को इसके नुकसान के बारे में बताया जाएगा, वहीं स्कूली विद्यार्थियों द्वारा भाषण प्रतियोगिता तथा पेंटिंग के माध्यम से ध्वनि प्रदूषण के विरूद्ध संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिटी ब्यूटीफुल में यह अभियान अगले एक साल तक चलाया जाएगा जिसमें 100 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन करके शहर वासियों को बीहेवियर चेंज के माध्यम से इस अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।
Copyright © 2026 Paryog Foundation. All Rights Reserved.
Designed and Developed by Solution Intelligentia